मथुरा में एक परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध मौत
मथुरा के खप्परपुर में एक परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। मरने वालों में पति-पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चे हैं। पुलिस को एक सुसाइड नोट और वीडियो मिला है, जिसमें आत्महत्या की बात कही गई है।
30 साल के मनीष अपनी पत्नी सीमा और पांच साल की बेटी हनी, चार साल की बेटी प्रियांशी और दो साल के बेटे पंकज के साथ रह रहे थे। मनीष खेती करते थे। सोमवार रात को पूरा परिवार एक साथ सोया था, सुबह काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर परिवार के अन्य सदस्य पहुंचे और गेट खोला।
पुलिस ने अंदर पहुंचकर जांच की तो दीवार पर एक सुसाइड नोट लिखा मिला। इसमें लिखा है कि मैं और सीमा अपनी मर्जी से मरे हैं, पुलिस किसी को परेशान न करें। वहीं एक पर्ची पर भी यही लिखा सुसाइड नोट मिला है। पुलिस ने मनीष का मोबाइल देखा तो उसमें 48 सेकंड का एक वीडियो भी मिला है जिसमें उसने आत्महत्या की बात कही है।