आगरा में केरल के प्रतिनिधिमंडल ने किया विकास कार्यों का भ्रमण
आगरा भारत सरकार के काउंसिलर टूर प्रोग्राम के अंतर्गत विकसित केरलम के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को आगरा नगर निगम व आगरा स्मार्ट सिटी द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों का भ्रमण किया।
महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने भाजपा प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश के साथ स्वागत व सम्मान किया।
महापौर ने बताया कि केरल के विभिन्न नगर निकायों के पार्षदों, सभासदों व सदस्यों को भारत सरकार काउंसिलर टूर प्रोग्राम के अंतर्गत आगरा नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों देखने के लिए भेजा है।
प्रतिनिधिमंडल ने कुबेरपुर लैंडफिल साइट का भ्रमण किया, जहां पर उन्होंने वेस्ट टू एनर्जी प्लांट के संचालन के बारे में विस्तृत जानकारी ली। इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, 5 आर प्रोग्राम, कबाड़ से कमाल कार्यक्रम के बारे में भी बारीकी से जानकारी ली।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने आगरा नगर निगम का भ्रमण किया, जहां पर उन्होंने नगर निगम द्वारा कैसे कार्य किया जाता है, इस बारे में जानकारी ली। उन्होंने सभागार, ऑफिस और सदन का भी भ्रमण किया।