तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवारों को टक्कर मारी,1 की मौत
आगरा। ताजनगरी आगरा में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला मथुरा‑आगरा रोड स्थित फौजी ढाबा के सामने का है, जहां एक तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में बाइक पर सवार तीन लोग घायल हो गए, जिनमें दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, घटना अरसेना क्षेत्र की है, जो सिकंदरा थाना क्षेत्र में आता है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक पर सवार तीन लोग मथुरा-आगरा रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही बोलेरो ने अचानक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घायलों को इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जबकि एक घायल को सम्राट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल बच्चे शिवम ने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल प्रशासन ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में भिजवा दिया है।