आगरा में घर के अंदर मिले 130 एलपीजी सिलेंडर छापा मारने वाली टीम की भी फटी रह गई आंखें. अवैध रिफिलिंग का चल रहा था खेल मुकदमा दर्ज
आगरा में जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा आपूर्ति विभाग की टीम द्वारा जगनेर में अवैध गैस रिफिलिंग सेंटर पर छापा मारा गया. टीम ने यहां से 128 घरेलू सिलेंडर और 2 पांच किग्रा के कॉमर्शियल सिलेंडर बरामद किए हैं. इतनी भारी मात्रा में गैस सिलेंडर मिलने से अधिकारियों के भी होश उड़ गए. यह आपूर्ति विभाग की बड़ी कार्रवाई है. तांतपुर बस स्टैंड के पास मकान में सिलेंडरों का अवैध खेल चल रहा था मुखबिर से जगनेर में तांतपुर बस स्टेण्ड के पास घरेलू सिलेण्डरों का अवैध भण्डारण किये जाने की सूचना पर डीएम अरविन्द मल्लप्पा बंगारी के निर्देशों के क्रम में जिला पूति अधिकारी आनन्द कुमार सिंह द्वारा आपूर्ति विभाग की टीम का गठन कर कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये. सूर्यप्रकाश, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, अभिषेक कुमार, नायब तहसीलदार, अमरनाथ मौर्य, पूर्ति निरीक्षक तथा सुमल्लिका, पूर्ति निरीक्षक की संयुक्त टीम द्वारा तातपुर बस स्टेण्ड, जगनेर केनरा बैंक के पास स्थित एक मकान अपरान्हः 3.30 बजे छापा मारा गया. मौके पर मकान में कोई व्यक्ति मौजूद नही मिला.
आस-पास पूछताछ करने पर नाम न बताने की शर्त पर लोगों ने बताया कि यह मकान अशोक सिघंल निवासी तातपुर जगनेर का है. जांच के दौरान 128 घरेलू सिलेण्डर जिसमें एचपी कम्पनी का 01 सिलेण्डर खाली, बीपी सीलि के 03 घरेलू सिलेण्डर खाली, इण्डेन के 03 घरेलू सिलेण्डर भरे तथा इण्डेन के 121 घरेलू सिलेण्डर खाली मिले. साथ ही 05 किग्रा क्षमता के 02 व्यवसायिक गैस सिलेण्डर भरे मिले. भवन स्वामी अशोक सिघंल द्वारा अवैध रूप से गैस सिलेण्डरों का भण्डारण तथा उनका क्रय विक्रय करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।