आगरा पुलिस की तत्परता: किरावली में अपहरण की सूचना पर हड़कंप, 2 घंटे में मासूम को ढूंढ परिजनों को सौंपा
जनपद आगरा कप्तान सिंह चौधरी:- आगरा पुलिस की संवेदनशीलता और त्वरित कार्यवाही के चलते आज एक मासूम बच्ची की जान बच गई। किरावली थाना क्षेत्र में अपहरण की सूचना मिलने के मात्र 02 घंटे के भीतर पुलिस टीम ने 3 वर्षीय बालिका को सकुशल बरामद कर उसके माता-पिता की गोद में लौटा दिया। पुलिस की इस कार्यकुशलता की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।
क्या था पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, बुधवार 25 मार्च 2026 सुबह नंगला अजीता निवासी श्री किशन सिंह ने पुलिस हेल्पलाइन 112 के माध्यम से सूचना दी कि उनकी 3 साल की बेटी गायब हो गई है। पिता ने आशंका जताई कि सुबह करीब 07:30 बजे जब बच्ची घर के बाहर बच्चों के साथ खेल रही थी, तभी उसे अगवा कर लिया गया। अन्य बच्चे तो घर लौट आए, लेकिन बालिका का कहीं पता नहीं चला।
एक्शन मोड में पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त आगरा के निर्देशन में किरावली पुलिस तुरंत सक्रिय हुई। प्रभारी निरीक्षक सत्यवीर सिंह के नेतृत्व में कई टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों और आसपास के रास्तों पर सघन तलाशी अभियान शुरू किया।
सड़क किनारे मिली मासूम
पुलिस के अथक प्रयासों और सटीक घेराबंदी के परिणामस्वरूप, सूचना मिलने के 2 घंटे के भीतर ही बालिका को कराहला गांव के बाहर मुख्य मार्ग के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया। बच्ची को सुरक्षित देख परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए। परिजनों ने आगरा पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया है।