आगरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: AI से अश्लील वीडियो बनाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 25 मार्च 2026

आगरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: AI से अश्लील वीडियो बनाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार

आगरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: AI से अश्लील वीडियो बनाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार

पुलिस का संदेश:महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता, सोशल मीडिया या AI जैसी तकनीक का उपयोग कर डराने-धमकाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

जनपद आगरा कप्तान सिंह चौधरी:- तकनीक का दुरुपयोग कर अपराध करने वालों के खिलाफ आगरा पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार किया है। थाना शमशाबाद पुलिस ने एक नाबालिग किशोरी के साथ छेड़खानी करने, अश्लील कमेंट करने और AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के जरिए उसका अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने वाले शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।

जानिए क्या है पूरा मामला?

बीती 1 मार्च 2026 को पीड़ित पक्ष द्वारा थाने में तहरीर दी गई थी। आरोप था कि विनय पुत्र अशोक, किशोरी को स्कूल जाते समय परेशान करता था। आरोपी न केवल रास्ते में हाथ पकड़कर उसे रोकता था, बल्कि जान से मारने की धमकी भी देता था। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने किशोरी के फोन पर गंदे मैसेज भेजने शुरू किए और धमकी दी कि यदि उसने यह बात किसी को बताई, तो वह AI की मदद से उसका अश्लील वीडियो बनाकर इंटरनेट पर वायरल कर देगा।

थाना पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त और अपर पुलिस आयुक्त, आगरा के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त (पूर्वी जोन) अभिषेक अग्रवाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धाराओं 74/126(2)/351(2) और 7/8 पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था।

बुधवार, 25 मार्च को मुखबिर की सटीक सूचना पर थाना शमशाबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त विनय पुत्र अशोक (निवासी ग्राम इकलाशपुरा) को इकलाशपुरा रेलवे अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पूर्व में भी पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

कार्यवाही के समय पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्र राव थाना शमशाबाद आगरा, एसआई विपिन कुमार,कांस्टेबल रामविलास शामिल रहे।

video

Pages