किरावली पुलिस ने चोरी के दो आरोपियों को पकड़ा, 30 हजार नकद और बाइक बरामद
आगरा कमिश्नरेट के थाना किरावली पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के 30,000 रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
यह मामला 20 मार्च 2026 का है, जब राजकुमार उपाध्याय (निवासी गढ़ी मंगली, मथुरा) ने किरावली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि तहसील के पास एक होटल से उनका बैग चोरी हो गया था, जिसमें नकदी और महत्वपूर्ण कागजात थे।
पुलिस ने तत्काल मु0अ0सं0 56/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया था। डीसीपी पश्चिमी जोन के निर्देश पर गठित टीम ने 25 मार्च को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। टीम ने महुअर कट के पास से दो संदिग्धों को पकड़ा। इनकी पहचान रितिक सिसौदिया (निवासी राजगढ़, मध्य प्रदेश) और सुमित सिसौदिया (निवासी बारां, राजस्थान) के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान, दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने दो अन्य साथियों ओम और आतिश के साथ मिलकर इस चोरी को अंजाम दिया था। पुलिस अब फरार चल रहे ओम और आतिश की तलाश कर रही है।