आगरा में होली पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम: पुलिस कमिश्नर ने किया निरीक्षण
जनपद आगरा:-पुलिस कमिश्नर आगरा दीपक कुमार (IPS) ने देर रात्रि शहर क्षेत्र में होलिका दहन स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर उपस्थित स्थानीय नागरिकों से होली के पावन पर्व को प्रेम, सौहार्द एवं सामाजिक समरसता के साथ मनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि बुजुर्गों, महिलाओं एवं अस्वस्थ व्यक्तियों के सम्मान एवं सुविधा का ध्यान रखा जाए तथा किसी भी व्यक्ति पर जबरन रंग न डाला जाए। आपातकालीन सेवाओं में लगे एम्बुलेंस एवं अन्य राहत वाहनों को निर्बाध मार्ग उपलब्ध कराना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि सार्वजनिक स्थलों पर ध्वनि विस्तारक यंत्रों (लाउडस्पीकर) का प्रयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाए, जिससे आमजन एवं वाहन चालकों को असुविधा न हो। माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में विधि अनुसार कठोर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
होली पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु आगरा पुलिस पूर्ण दृढ़ता एवं मुस्तैदी के साथ तैनात है। विशेष ड्यूटी के अंतर्गत समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। किसी भी प्रकार की असुविधा, आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें — सहायता हेतु आगरा पुलिस सदैव तत्पर एवं प्रतिबद्ध है।