चंबल के बीहड़ों में भीषण आग, ग्रामीणों में दहशत
आगरा के चंबल के बीहड़ों में मंगलवार दोपहर अचानक लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति पैदा कर दी। थाना बासौनी क्षेत्र के उमरेठा पुरा गांव के पास अज्ञात कारणों से भड़की आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
ग्रामीणों ने पहले खुद मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का प्रयास किया, बाद में वन विभाग और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी आग पर काबू पाने में जुटी हुई है। आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि किसी ने लापरवाही से बीड़ी-सिगरेट फेंकी हो या किसी अन्य कारण से आग भड़क उठी हो सकती है। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम मामले की जांच में जुटी है।