आगरा में टक्कर मारकर युवक से मोबाइल और मोटरसाइकिल लूटने वाले गिरोह का खुलासा - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 10 मार्च 2026

आगरा में टक्कर मारकर युवक से मोबाइल और मोटरसाइकिल लूटने वाले गिरोह का खुलासा

आगरा में टक्कर मारकर युवक से मोबाइल और मोटरसाइकिल लूटने वाले गिरोह का खुलासा

आगरा के थाना सैंया क्षेत्र में युवक से मोबाइल और मोटरसाइकिल छीनने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 42 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। सैंया थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार आरोपियों राहुल, कोमल, विकास और सुंदर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गिरोह का एक अन्य सदस्य शिवम अभी फरार है।

पुलिस के अनुसार वारदात के दिन बदमाश पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। उन्होंने कोल्ड स्टोरेज से घर लौट रहे एक युवक को निशाना बनाया। पहले बदमाशों ने युवक की मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर उसे सड़क पर गिरा दिया और इसके बाद उससे मोबाइल फोन, अपाचे मोटरसाइकिल और जरूरी कागजात छीनकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए चार आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक अवैध तमंचा, कारतूस, छह मोबाइल फोन और 2220 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

डीसीपी पश्चिम आदित्य ने बताया कि सैंया पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में छिनैती की घटना का सफल खुलासा किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

video

Pages