आगरा कैंट पर शुरू हुआ 'साक्षी एक्सप्रेस' रेल कोच रेस्टोरेंट. आधुनिक सुविधाओं के साथ किया गया विकसित.. जानें क्या है खासियत
आगरा कैंट स्टेशन के समीप यात्रियों एवं आमजन को बेहतर खानपान सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 'साक्षी एक्सप्रेस' नाम से रेल कोच रेस्टोरेंट का संध्या शर्मा द्वारा रिबन काटकर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता, सहायक वाणिज्य प्रबंधक कोचिंग संजय गौतम, सहायक वाणिज्य प्रबंधक माल भाड़ा संजीव कुमार एवं रेस्टोरेंट ऑनर लक्ष्मीकांत दीक्षित उपस्थित रहे।
इस रेस्टोरेंट को पुराने रेलवे कोच को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित कर तैयार किया गया है, जिससे यात्रियों और शहरवासियों को रेलवे थीम पर आधारित एक अनूठा अनुभव प्राप्त होगा। यहां बैठकर लोग ट्रेन के कोच के वातावरण में भोजन का आनंद ले सकेंगे। रेलवे प्रशासन द्वारा इस रेल कोच रेस्टोरेंट का आवंटन 12.82 लाख रुपये प्रतिवर्ष की दर से 05 वर्षों के लिए किया गया है, जिससे रेलवे को आगामी पांच वर्षों में लगभग 64 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त होगा। इस रेस्टोरेंट में यात्रियों और आम नागरिकों के लिए स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्नैक्स तथा पेय पदार्थों की व्यवस्था की गई है।