आगरा कॉलेज की जमीन पर कब्जे का प्रयास बर्दाश्त नहीं: स्टाफ क्लब
आगरा के पुराने बाजार राजा की मंडी की दुकानों को आगरा कॉलेज ग्राउंड में शिफ्ट करने की खबर से स्टाफ क्लब आगरा कॉलेज ने आपत्ति जताई है। स्टाफ क्लब ने कहा है कि आगरा कॉलेज की जमीन पर किसी भी प्रकार का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
स्टाफ क्लब ने कहा कि आगरा कॉलेज पहले ही राज्य विश्वविद्यालय अथवा केंद्रीय विश्वविद्यालय हेतु प्रयासरत है और इसके लिए वर्तमान भूमि और अवसंरचनाएँ कम पड़ेंगी। स्टाफ क्लब ने राजनीतिक वर्ग, प्रदेश सरकार और प्रशासन से आग्रह किया है कि आगरा कॉलेज की अवसंरचनाओं से संबंधित दस्तावेजों में किसी प्रकार का छेड़छाड़ न करें।
स्टाफ क्लब के संज्ञान में यह आया है कि किसी व्यापारी मंडल के पदाधिकारी द्वारा प्रदेश शासन को आगरा कॉलेज की भूमि व्यापारियों को देने हेतु मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया जाएगा। स्टाफ क्लब ने कहा कि आगरा कॉलेज स्टाफ क्लब ऐसी सोच और कुत्सित शिक्षा विरोधी मानसिकता की निंदा करता है।