आगरा:-आज आगरा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ब्रज प्रांत स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित होने जा रही है। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होने आ रहे हैं। बैठक में आने वाले समय की संगठनात्मक रणनीति और 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर प्रारंभिक मंथन हो सकता है। यह बैठक माल रोड स्थित होटल अमर में होगी, जिसमें संघ और भाजपा के कई शीर्ष पदाधिकारी शामिल होंगे।
इन दिनों उत्तर प्रदेश में संघ और भाजपा के बीच प्रांत स्तरीय समन्वय बैठकों का दौर चल रहा है। इसी क्रम में कानपुर में कानपुर और बुंदेलखंड प्रांत की समन्वय बैठक आयोजित की जा रही है। इसी श्रृंखला में आगरा में होने वाली ब्रज प्रांत की बैठक को भी अहम कड़ी माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन बैठकों के माध्यम से संगठन आने वाले चुनावी वर्षों के लिए अपनी रणनीति को मजबूत करने के साथ कार्यकर्ताओं को भी सक्रिय करने की दिशा में काम कर रहा है। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक कल होने जा रही बैठक का एक प्रमुख एजेंडा वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन और सरकार के बीच समन्वय को मजबूत करना है। संघ और भाजपा नेतृत्व प्रदेश में बूथ स्तर तक संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनसंपर्क कार्यक्रमों को लेकर चर्चा कर सकता है। संघ के शताब्दी वर्ष को भी ध्यान में रखते हुए व्यापक सामाजिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने पर विचार होगा। माना जा रहा है कि संघ और भाजपा मिलकर ऐसे कार्यक्रमों की योजना बनाएंगे, जिनके माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच मजबूत की जा सके। बैठक में भाजपा की जिला और क्षेत्रीय कार्यकारिणी के गठन पर भी चर्चा होने की संभावना है। जिलों में लंबे समय से संगठनात्मक फेरबदल की चर्चा चल रही है, ऐसे में समन्वय बैठक के बाद कई नामों को अंतिम रूप दिया जा सकता है। राजनीतिक दृष्टि से यह भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है कि संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ भाजपा नेतृत्व की सीधी बैठक से संगठनात्मक दिशा और रणनीति को स्पष्ट संदेश मिलेगा। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, संघ के क्षेत्रीय प्रचारक, प्रांत प्रचारक, प्रांत संघ चालक, प्रांत कार्यवाह सहित विभिन्न कार्य विभागों के प्रांतीय प्रमुख भी भाग लेंगे।