उत्तर प्रदेश विधान मंडल की सार्वजनिक उपक्रम एवं निगम संयुक्त समिति की समीक्षा बैठक संपन्न
आगरा में उत्तर प्रदेश विधान मंडल की सार्वजनिक उपक्रम एवं निगम संयुक्त समिति (2025-26) की प्रथम उपसमिति की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने की। बैठक में ऊर्जा विभाग, उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम, एसएन मेडिकल कॉलेज, उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड, आगरा- मथुरा सिटी बस ट्रांसपोर्ट लिमिटेड, स्मार्ट सिटी लिमिटेड, जल निगम नगरीय तथा ग्रामीण, उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम, यूपी मेट्रो रेल कारपोरेशन आदि की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि ऊर्जा विभाग के बिजनेस प्लान वर्ष 2025- 26 में लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूर्ण हुए हैं। स्मार्ट मीटर के विषय में जानकारी ली गई, जिसमें बताया गया कि लगभग 04 लाख 25 हजार के लक्ष्य के सापेक्ष लगभग 2 लाख स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं। बैठक में एसएन मेडिकल कॉलेज की बाउंड्रीवाल का कार्य दिसंबर 2025 में पूर्ण होना था, कार्य प्रगति धीमी होने पर नाराजगी व्यक्त की गई।
बैठक में उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड की समीक्षा में नदी सेतु, रेल उपरगामी सेतु की रिपोर्ट तलब की गई। आगरा- मथुरा सिटी बस ट्रांसपोर्ट लिमिटेड की समीक्षा में बताया गया कि 150 बस जिसमें 100 आगरा तथा 50 बस मथुरा में संचालित हैं, जिसमें वर्ष 2023 में 13.6 करोड़, वर्ष 2024 में 10.7 करोड़, वर्ष 2025 में 10.3 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ है।