गुड सेमेरिटन (नेक व्यक्ति) अभियान: सड़क सुरक्षा और मानवता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल
आगरा पुलिस द्वारा "गुड सेमेरिटन (नेक व्यक्ति)" अभियान चलाया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना और दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की सहायता करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करना है। इस अभियान के तहत शहर के प्रमुख और व्यस्त चौराहों तथा सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सूचना बोर्ड स्थापित किए गए हैं।
इन बोर्डों पर लिखा है कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की तुरंत सहायता करना न केवल एक मानवीय कर्तव्य है, बल्कि कानून भी ऐसे मददगार लोगों को पूर्ण सुरक्षा और सम्मान प्रदान करता है। इस पहल का उद्देश्य है कि लोग किसी भी कानूनी झंझट या परेशानी के बिना आगे बढ़कर दुर्घटना पीड़ितों की मदद करें और समय पर सहायता उपलब्ध कराकर अनमोल जीवन बचाने में सहयोग करें।
बोर्ड पर दी गई महत्वपूर्ण जानकारी:
1. गुड सेमेरिटन से संबंधित जागरूकता नागरिकों को दी गई है।
2. दुर्घटना पीड़ितों को अस्पताल पहुंचाने या प्राथमिक सहायता देने वाले व्यक्तियों को मिलने वाली कानूनी सुरक्षा के बारे में स्पष्ट उल्लेख है।
3. अभियान का मुख्य संदेश है कि "सड़क सुरक्षा ही जीवन रक्षा है" और प्रत्येक नागरिक की छोटी-सी मदद किसी की जिंदगी बचा सकती है।
अपील:
सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की स्वेच्छा से निर्भीक होकर मदद करें और गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की जान बचाने में सहयोग कर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें।