पुलिस की घेराबंदी देख घबराया शातिर, ट्रक में दे मारी अर्टिगा कार; अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार
जनपद आगरा कप्तान सिंह चौधरी:- ताजनगरी में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना ट्रांस यमुना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शनिवार को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक युवक को अवैध तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी पुलिस से बचने के प्रयास में अपनी कार एक खड़े ट्रक में भिड़ा बैठा।
चेकिंग के दौरान मिली सूचना
पुलिस उपायुक्त (नगर) के निर्देशन में अपराध रोकथाम हेतु चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान थाना ट्रांस यमुना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बम्बा रोड की ओर से एक संदिग्ध व्यक्ति अर्टिगा कार में अवैध असलहा लेकर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सीएनजी पंप के पास बैरिकेडिंग लगाकर सघन चेकिंग शुरू कर दी।
फिल्मी अंदाज में पीछा और आरोपी की गिरफ्तारी
कुछ ही देर में संदिग्ध अर्टिगा कार आती दिखाई दी। पुलिस को सामने देख चालक ने कार को खाली मैदान की ओर मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने जब पीछा किया तो घबराहट में कार चालक ने मैदान में खड़े एक ट्रक में अपनी गाड़ी ठोक दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार चालक शाकिर पुत्र बबलू निवासी खंदौली को हिरासत में ले लिया।
बरामदगी और आरोपी का कबूलनामा
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से निम्नलिखित सामान बरामद किया है जिसमें 1 अवैध देशी तमंचा 315 बोर,1 जिन्दा कारतूस 315 बोर,1 अर्टिगा कार, पूछताछ के दौरान शाकिर ने बताया कि वह सब्जी की दुकान करता है और कभी-कभी किराए पर गाड़ी चलाता है। उसने स्वीकार किया कि वह सवारी को डराने-धमकाने और अपना रौब (रंगबाजी) दिखाने के लिए अवैध तमंचा अपने पास रखता है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।