आगरा के दयालबाग में ढाबे पर रंगबाजी खाना लेने को लेकर हुए विवाद के बाद फायरिंग, रिवाल्वर से छात्र को मारी गोली
आगरा के दयालबाग में अमर विहार सौ फुटा पर एक ढाबे पर रंगबाजी की वारदात हुई है. खाना लेने को लेकर हुए विवाद में एक पक्ष ने फायरिंग कर दी. इसमें एक छात्र के पैर में गोली लग गई और वह घायल हुआ है. इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई. भीड़ ने फायरिंग करने वाले आरोपी को पकड़ लिया. सूचना पर पहुंची पुलिस के हवाले उसे कर दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दयालबाग अमर विहार सौ फुटा पर ज्ञानी ढाबा है. नगला पदी में रहने वाला छात्र रिषभ गौतम यहां खाना लेने के लिए आया था. यहीं पर देवेंद्र नाम का व्यक्ति भी था जो खाना पैक करा रहा था. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रात करीब सवा 11 बजे पहले खाना लेने को लेकर रिषभ और देवेंद्र के बीच विवाद हो गया और देखते ही देखते मारपीट होने लगी. आरोप है कि इस दौरान देवेंद्र ने रिवॉल्वर निकालकर रिषभ पर फायर कर दिया. गोली रिषभ के पैर में लगी जिससे वो घायल हो गया. इसके बाद जब लोगों ने आरोपी को पकड़ना चाहा तो उसने कई राउंड और फायर कर दिए जिससे यहां पर दहशत मच गई. कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाकर आरोपी को पकड़ लिया. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. घायल को इमरजेंसी भेजा गया जहां उसकी हालत सामान्य बताई गई है. आरोपी को हिरासत मे लिया गया है और उससे रिवॉल्वर बरामद कर ली गई है. पुलिस कार्रवाई कर रही है।
इस संबंध में अपर पुलिस उपायुक्त महाडिक अक्षय संजय ने कहा कि रात्रि में थाना न्यू आगरा क्षेत्र में दो पक्षों के मध्य हुए विवाद के दौरान एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति के पैर में गोली मारने की सूचना प्राप्त हुई. सूचना प्राप्त होते ही थाना न्यू आगरा पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया. वर्तमान में घायल युवक की स्थिति खतरे से बाहर है. पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी अभियुक्त को हिरासत में लिया गया तथा प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है।