आगरा में रामनवमी का भव्य उत्सव: धर्म, आस्था और सेवा का अद्भुत संगम - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 28 मार्च 2026

आगरा में रामनवमी का भव्य उत्सव: धर्म, आस्था और सेवा का अद्भुत संगम

आगरा में रामनवमी का भव्य उत्सव: धर्म, आस्था और सेवा का अद्भुत संगम

आगरा में रामनवमी के पावन अवसर पर धर्म, आस्था और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में शोभायात्राएं, धार्मिक अनुष्ठान, कथा प्रवचन और सेवा कार्यों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। कहीं भव्य जुलूस निकले, तो कहीं हवन-पूजन और कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं ने आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया।

राजामंडी में भव्य शोभायात्रा

रामनवमी के पावन अवसर पर राजामंडी स्थित प्राचीन सिद्ध श्री दरियानाथ मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। “जय श्रीराम” के गगनभेदी उद्घोष, आकर्षक झांकियों, बैंड-बाजों और पुष्पवर्षा के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर रहा। मंदिर के महंत योगी दीदारनाथ जी महाराज व योगी बुद्धनाथ जी सहित नाथ संप्रदाय के संतों ने भगवान श्रीराम व हनुमानजी की झांकी की आरती कर भगवा ध्वज के साथ यात्रा का शुभारंभ किया।

शोभायात्रा का मार्ग

शोभायात्रा राजामंडी चौराहा, पंचकुइया, अशोक नगर, गोकुलपुरा, बल्का बस्ती होते हुए पुनः मंदिर पहुंची, जहां आरती व प्रसाद वितरण के साथ समापन हुआ। यात्रा में गणेश जी की सवारी, ऊंट, बैंड-बाजे, नासिक ढोल और भक्ति गीतों से सजे डीजे ट्रक आकर्षण का केंद्र रहे। कैला देवी, महाकाल व बालाजी की झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा, ठंडाई व फल वितरण कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।

महंत दीदारनाथ जी का संदेश

महंत दीदारनाथ जी ने बताया कि यह शोभायात्रा वर्ष 2008 से निरंतर निकाली जा रही है। योगी बुद्धनाथ जी ने कहा कि इसका उद्देश्य सामाजिक चेतना जागृत करना है। शोभायात्रा से पूर्व मंदिर में हवन व कन्यापूजन भी किया गया। इस अवसर पर सौरभ तिवारी, मुकेश ठाकुर, सुशील जी, दीपू खंडेलवाल, ओमकार सिंह परमार, श्याम मित्तल, अरुण सिंह, मोहन शर्मा, गणेश भारद्वाज, ऋषि तिवारी, गौरव वर्मा, अजय प्रताप, ललित शर्मा, मोहित परिहार, नरेश लखवानी, रामकुमार वर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

video

Pages