पत्रकारों ने चंदन और फूलों की खुशबू के साथ किया होली मिलन का समारोह
आगरा में पत्रकारों का एक भव्य होली मिलन समारोह धांधूपूरा स्थित गंगा विहार कॉलोनी के 'होटल ताज क्लासिक' में रविवार को आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी एवं भाजपा नेता उपेंद्र सिंह ने कहा कि "होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने का माध्यम है।"
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि समाजसेवी राकेश भास्कर और प्रदीप पिप्पल ने कहा कि ऐसे आयोजनों से सामाजिक समरसता बढ़ती है। समाजसेवी नेत्रपाल सिंह और मूलचंद ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए फागुन मास के आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व पर विचार रखे।
इस उत्सव में समाज के विभिन्न वर्गों, समाजसेवी और पत्रकारों ने हिस्सा लिया। इस होली मिलन समारोह में रंगों के बजाय फूल, चंदन और इत्र की होली खेली गई, जिसने भारतीय परंपरा की सादगी और खुशबू को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम में ताज प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष डॉ. सज्जन सागर ने अपने मधुर कंठ से होली के पारंपरिक गीत और लोकधुनों की प्रस्तुति दी। उनकी गायकी ने पूरे हॉल को 'ब्रज की होली' के रंग में सरोबार कर दिया।