स्वच्छ नारी, सशक्त समाज: डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के MSW छात्रों ने कुंआ खेड़ा में जगाई 'मासिक धर्म स्वच्छता' की अलख
आगरा में डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के समाज कार्य (MSW) विभाग के छात्र-छात्राओं ने ग्रामीण अंचल में स्वास्थ्य और स्वच्छता का संदेश पहुँचाने के लिए एक सराहनीय पहल की है। बुधवार को विश्वविद्यालय के 'सामुदायिक कार्य' पाठ्यक्रम के अंतर्गत कुंआ खेड़ा गांव स्थित एस.एच. पब्लिक स्कूल में 'महिला मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता' विषय पर एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान MSW के छात्रों ने गांव की महिलाओं, किशोरियों और आशा कार्यकर्ताओं को मासिक धर्म से जुड़ी वैज्ञानिक जानकारी दी। छात्रों ने सरल भाषा में समझाया कि यह एक स्वाभाविक प्रक्रिया है और इस दौरान स्वच्छता न बरतना गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करते हुए छात्राओं को सैनिटरी पैड के सही उपयोग और उसके सुरक्षित निपटान का व्यावहारिक प्रदर्शन भी दिया गया।