विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) को लेकर रोल प्रेक्षक/मंडलायुक्त ने तहसील सदर में नोटिस सुनवाई केंद्र का किया निरीक्षण
मंडलायुक्त महोदय की अध्यक्षता में राजनैतिक दलों और समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के कार्यों की हुई समीक्षा बैठक
आगरा:-विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण को लेकर रोल प्रेक्षक/मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप द्वारा तहसील सदर में नोटिस सुनवाई केंद्र का निरीक्षण किया गया। यहां सुनवाई कर रहे सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि चुनाव आयोग द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में प्रतिदिन सुनवाई की जा रही है। आज लगभग 130 नोटिस पर सुनवाई की गई है। आयुक्त महोदय द्वारा निर्देश दिए गए कि प्रत्येक नोटिस का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। फॉर्म में संबंधित दस्तावेज और आवेदकों के साफ फोटो लगाए जाएं।
निरीक्षण उपरांत मंडलायुक्त की अध्यक्षता में राजनैतिक दलों और समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। सर्वप्रथम राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों ने एसआईआर के कार्य में कम पढ़े लिखे लोगों द्वारा फॉर्म भरने में आ रही परेशानी, किराएदार के पास संबंधित दस्तावेज उपलब्ध न होने, घर का स्थान/पता बदल जाने आदि समस्याओं से अवगत कराया गया जिसका तत्काल समाधान हेतु उन्हें संपूर्ण जानकारी उपलब्ध करायी गयी। एक प्रतिनिधि द्वारा छावनी विधानसभा में एक घर में 60 वोट होने एवं एक बीएलओ द्वारा जमा किए गए फॉर्म को अपडेट नहीं करने की शिकायत की गयी। संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को इसकी जांच करने के निर्देश दिए गए।
इसके उपरांत समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के एसआईआर कार्यों की समीक्षा की गयी। समीक्षा में पाया गया कि आगरा उत्तर, दक्षिण और छावनी विधानसभा के नोटिस सुनवाई केंद्र पर बहुत कम लोग पहुंच रहे हैं। आयुक्त द्वारा निर्देश दिए गए कि नोटिस प्रकरण में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किए जाएं। बुक ए कॉल विद बीएलओ की स्थिति में सुधार लाया जाये। वहीं राजनैतिक दलों से बीएलए के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा फॉर्म 6A आवेदन कराए जाने हेतु आग्रह किया गया।