10 अप्रैल को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, 17 अप्रैल तक निःशुल्क निरीक्षण की सुविधा - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 10 अप्रैल 2026

10 अप्रैल को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, 17 अप्रैल तक निःशुल्क निरीक्षण की सुविधा

10 अप्रैल को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, 17 अप्रैल तक निःशुल्क निरीक्षण की सुविधा

आगरा:- जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने जानकारी दी है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के अंतर्गत दावा-आपत्ति प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 10 अप्रैल 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर जनपद आगरा की सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों—एत्मादपुर, आगरा कैन्टोनमेंट (अ०जा०), आगरा दक्षिण, आगरा उत्तर, आगरा ग्रामीण (अ०जा०), फतेहपुर सीकरी, खेरागढ़, फतेहाबाद एवं बाह—की निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन समस्त मतदेय स्थलों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के कार्यालय तथा जिला निर्वाचन कार्यालय में किया जाएगा।

अपर जिलाधिकारी नगर/उप जिला निर्वाचन अधिकारी  यमुनाधर चौहान ने बताया कि अंतिम मतदाता सूची 10 अप्रैल से 17 अप्रैल 2026 तक सर्वसाधारण के निःशुल्क निरीक्षण हेतु उपलब्ध रहेगी। इस अवधि में संबंधित बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर मतदाता सूची आम नागरिकों के अवलोकन के लिए उपलब्ध कराएंगे।

उन्होंने जनपद के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने निकटतम मतदेय स्थल पर जाकर मतदाता सूची में अपना नाम, पता एवं अन्य विवरणों की जांच अवश्य कर लें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है, तो संबंधित बीएलओ अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी से संपर्क कर उसका समाधान कराया जा सकता है।

इसके अतिरिक्त, मतदाता सूची से संबंधित किसी भी निर्णय के विरुद्ध संबंधित मतदाता 15 दिनों के भीतर जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपील कर सकते हैं। यदि वे जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्णय से संतुष्ट नहीं होते हैं, तो 30 दिनों के भीतर मुख्य निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपील का प्रावधान भी उपलब्ध है।

video

Pages