प्रदेश में पर्यटन विकास को बड़ा बजट, आगरा की परियोजनाओं को मिली विशेष सौगात - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 10 अप्रैल 2026

प्रदेश में पर्यटन विकास को बड़ा बजट, आगरा की परियोजनाओं को मिली विशेष सौगात

प्रदेश में पर्यटन विकास को बड़ा बजट, आगरा की परियोजनाओं को मिली विशेष सौगात

लखनऊ/आगरा:- उत्तर प्रदेश सरकार ने धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास को गति देने के लिए बड़ा निर्णय लिया है। पर्यटन विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत प्रदेशभर में 570 नई परियोजनाओं को मंजूरी देते हुए कुल 68,780.28 लाख रुपये की धनराशि जारी की गई है।

यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्थित प्राचीन धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और अवस्थापना सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए व्यापक योजना तैयार की गई है।

आगरा को मिला विशेष फोकस

आगरा की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में स्थित प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास के लिए भी करोड़ों रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसमें कैला माता मंदिर, शीतलाकुंड धाम (फतेहपुर सीकरी), शती माता मंदिर (फतेहाबाद), बाबा दीनदयाल मंदिर (खैरागढ़) और आनंदी भैरो मऊ स्थित प्राचीन मंदिरों के लिए एक-एक करोड़ रुपये शामिल हैं।

इसके अलावा गुरु का ताल गुरुद्वारा के पर्यटन विकास हेतु 2 करोड़ रुपये, आगरा कैंट स्थित पर्यटन कार्यालय के जीर्णोद्धार के लिए 1.50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

बटेश्वर धाम और अटल जी की जन्मस्थली पर विशेष ध्यान

बाह क्षेत्र स्थित बटेश्वर धाम में घाट विकास के लिए 19 करोड़ और प्रवेश द्वार निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। वहीं अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मस्थली के पर्यटन विकास हेतु 2 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाएं

एत्मादपुर क्षेत्र में आदिनाथ भरत बाहुबली त्रिमूर्ति जैन मंदिर और छत्रपति शिवाजी महाराज संग्रहालय के विकास हेतु 1-1 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। साथ ही रपड़ी इको-टूरिज्म क्षेत्र में साइनेज कार्य के लिए भी 1 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

पर्यटन मंत्री ने बताया कि इन परियोजनाओं से प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिलेगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का मौका मिलेगा।

सरकार की इस पहल से आगरा समेत पूरे प्रदेश में पर्यटन ढांचे को मजबूती मिलने और आर्थिक गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

video

Pages