चलती बस में युवती से छेड़छाड़ का आरोप: X पर शिकायत के बाद आगरा पुलिस का त्वरित एक्शन, तीन पर कार्रवाई
आगरा। कानपुर से अहमदाबाद जा रही एक स्लीपर बस में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती ने चलती बस से ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर छेड़छाड़ और मारपीट की शिकायत दर्ज कराते हुए पुलिस से मदद मांगी। पोस्ट सामने आते ही पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई और बस को आगरा में रुकवा लिया गया।
जानकारी के अनुसार, युवती ने आरोप लगाया कि बस में सवार कुछ युवक उसके साथ अभद्र व्यवहार कर रहे थे और विरोध करने पर मारपीट भी की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामनेर चौराहे पर बस को रुकवाया और मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने संदिग्ध युवकों को बस से उतारकर हिरासत में लिया तथा युवती को सुरक्षित थाने पहुंचाया। थाना रकाबगंज प्रभारी के अनुसार, चार युवकों को पूछताछ के लिए पकड़ा गया। आरोपियों ने सफाई देते हुए कहा कि बस में अचानक ब्रेक लगने के कारण उनका शरीर युवती से टकरा गया था और कोई छेड़छाड़ नहीं की गई।
हालांकि, युवती की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक जयपुर जा रहे थे और पेशे से कुक हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।