सहालग से पहले आगरा में एफएसडीए की बड़ी कार्रवाई, 1200 लीटर संदिग्ध मिलावटी दूध नष्ट - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 12 अप्रैल 2026

सहालग से पहले आगरा में एफएसडीए की बड़ी कार्रवाई, 1200 लीटर संदिग्ध मिलावटी दूध नष्ट

सहालग से पहले आगरा में एफएसडीए की बड़ी कार्रवाई, 1200 लीटर संदिग्ध मिलावटी दूध नष्ट

आगरा। आगरा में सहालग सीजन शुरू होने से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग (एफएसडीए) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संदिग्ध मिलावटी दूध से भरे टैंकर को पकड़ लिया। जांच के बाद करीब 1200 लीटर दूध को नष्ट करा दिया गया।

एफएसडीए टीम ने दक्षिणी बाइपास स्थित करहरा गांव नगला सिकरवार (थाना किरावली) के पास टाटा 407 वाहन को रोककर जांच की। वाहन चालक प्रेम नारायण (निवासी धौलपुर, राजस्थान) ने बताया कि दूध सार्वजनिक बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन वह किसी भी प्रकार के बिल, रसीद या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

निरीक्षण के दौरान टैंकर में लगभग 1200 लीटर मिश्रित दूध पाया गया, जिससे तेज दुर्गंध आ रही थी। प्रथम दृष्टया मिलावट की आशंका पर मौके पर ही नमूना लेकर “फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स” के माध्यम से जांच की गई, जिसमें दूध मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि वाहन में दूध को सुरक्षित तापमान पर रखने के लिए थर्मोस्टेट जैसी आवश्यक व्यवस्था नहीं थी, जिससे उसकी गुणवत्ता और अधिक खराब हो चुकी थी।

जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उक्त दूध को मानव उपभोग के लिए पूरी तरह अनुपयुक्त घोषित किया गया और विक्रेता की सहमति से करीब 60 हजार रुपये मूल्य के दूध को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राकेश कुमार एवं कृष्ण चंद्र की प्रमुख भूमिका रही।

video

Pages