ट्रांसपोर्टर असगर अली मौत मामला: नए वीडियो से बढ़ा शक, पुलिस अब साजिश के एंगल से कर रही जांच
आगरा। आगरा में ट्रांसपोर्टर असगर अली की संदिग्ध मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। शुरुआती तौर पर सड़क हादसा मानकर जांच कर रही पुलिस ने अब नए वीडियो सामने आने के बाद जांच का रुख साजिश की ओर मोड़ दिया है।
खेरिया मोड़ से सामने आए एक अहम वीडियो ने पूरे घटनाक्रम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में दिखाई दे रही परिस्थितियों ने इस आशंका को मजबूत किया है कि मामला केवल एक्सीडेंट नहीं, बल्कि इसके पीछे कोई साजिश हो सकती है।
मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि असगर अली को पहले से ही जीएसटी टीम की ओर से धमकियां मिल रही थीं। परिजनों ने जीएसटी अधिकारी निवेदिता सिंह और उनके पति अजय सिंह पर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
बताया जा रहा है कि आरोप लगने के बाद संबंधित अधिकारी अवकाश पर चले गए हैं और उनके मोबाइल फोन भी बंद आ रहे हैं। साथ ही, इस मामले में नामजद अन्य लोगों के फोन भी स्विच ऑफ हैं, जिससे जांच और अधिक पेचीदा हो गई है।
पुलिस ने जांच के दौरान जालौन नंबर की एक संदिग्ध कार की पहचान कर ली है, जिसे इस घटना से जोड़ा जा रहा है। हालांकि, कार का चालक अभी भी फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
गौरतलब है कि शुरुआत में पुलिस इस मामले को सामान्य सड़क हादसा मान रही थी और एफआईआर दर्ज करने में भी देरी हुई थी। लेकिन परिजनों के लगातार प्रयास और प्रस्तुत किए गए साक्ष्यों के बाद मामला दर्ज किया गया।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और लोग भी इस मामले में सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।