सोमनाथ स्वाभिमान पर्व: उत्तर प्रदेश में आस्था और गौरव का भव्य उत्सव, 19 अप्रैल को होगा प्रदेशव्यापी आयोजन - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 11 अप्रैल 2026

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व: उत्तर प्रदेश में आस्था और गौरव का भव्य उत्सव, 19 अप्रैल को होगा प्रदेशव्यापी आयोजन

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व: उत्तर प्रदेश में आस्था और गौरव का भव्य उत्सव, 19 अप्रैल को होगा प्रदेशव्यापी आयोजन

आगरा:- भारत की सांस्कृतिक दृढ़ता और अटूट आस्था के प्रतीक सोमनाथ मंदिर पर हुए प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष तथा मंदिर के पुनरुद्धार के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में, उत्तर प्रदेश सरकार पूरे प्रदेश में "सोमनाथ स्वाभिमान पर्व" का भव्य आयोजन करने जा रही है। शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, यह उत्सव जन-भागीदारी के साथ गौरवपूर्ण ढंग से मनाया जाएगा।
 
प्रदेश के हर शिवालय में गूँजेगा 'सोमनाथ संकल्प'

आगामी 19 अप्रैल, 2026 को जनपद स्तर पर सभी ब्लॉक और तहसील पर स्थित समस्त शिवालयों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस अवसर पर भजन संध्या, रुद्राभिषेक, महाआरती, दीपोत्सव और सामूहिक मंत्रोच्चार के कार्यक्रम आयोजित होंगे। लखनऊ में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम का समस्त शिवालयों में सजीव प्रसारण भी किया जाएगा। 

लखनऊ से सोमनाथ के लिए रवाना होगी विशेष यात्रा

उत्सव के दूसरे मुख्य स्तंभ के रूप में 19 अप्रैल को ही लखनऊ से गुजरात के सोमनाथ मंदिर के लिए एक विशेष यात्रा प्रस्थान करेगी। इस यात्रा में प्रत्येक जनपद से विभिन्न समूहों (महिलाएं, युवा प्रोफेशनल्स, वरिष्ठ नागरिक, सरकारी योजनाओं के लाभार्थी, कारीगर आदि) का प्रतिनिधित्व होगा।

यात्रा मार्ग: 19 अप्रैल को प्रस्थान कर यह यात्रा 21 अप्रैल को सोमनाथ पहुँचेगी।

कार्यक्रम: सोमनाथ में यात्री दर्शन-भ्रमण, लाइट एंड साउंड शो और विशेष अनुष्ठानों में सम्मिलित होंगे। 

काशी विश्वनाथ धाम में होगा राज्य स्तरीय समागम

संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से 11 मई, 2026 को वाराणसी के काशी विश्वनाथ धाम में एक विशाल राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें उत्तर प्रदेश के साथ-साथ बिहार, चंडीगढ़ और दिल्ली के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। साथ ही, 12 मई को बीएचयू (BHU) में विभिन्न अखाड़ों के महामंडलेश्वरों की उपस्थिति में आध्यात्मिक सत्र आयोजित होगा। 

शैक्षणिक संस्थानों में होंगे वैचारिक कार्यक्रम

युवा पीढ़ी को सोमनाथ की गौरवगाथा से जोड़ने के लिए जनपद के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में 'सोमनाथ संवाद', संगोष्ठियाँ और शिवपुराण पर आधारित चित्रकला, काव्य एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। 
संस्कृति विभाग द्वारा इस पूरे आयोजन के सुचारू संचालन हेतु विशेष सचिव स्तर के अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। 
------------------

video

Pages