डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने लकावली में फॉर्मर आईडी कैंप का किया निरीक्षण, किसानों से किया संवाद - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 11 अप्रैल 2026

डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने लकावली में फॉर्मर आईडी कैंप का किया निरीक्षण, किसानों से किया संवाद

डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने लकावली में फॉर्मर आईडी कैंप का किया निरीक्षण, किसानों से किया संवाद

आगरा:- जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने ब्लॉक बरौली अहीर की ग्राम पंचायत लकावली में आयोजित फॉर्मर आईडी (किसान पहचान पत्र) कैंप का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उपस्थित किसानों से संवाद किया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने किसानों को बताया कि भारत सरकार की एग्रीस्टैक योजना के तहत किसान पहचान पत्र बनाए जा रहे हैं, जो भविष्य में मिलने वाली विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनिवार्य होगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना फॉर्मर आईडी के कृषि विभाग सहित सहयोगी विभागों—जैसे उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता और लघु सिंचाई—की लाभार्थी योजनाओं का लाभ नहीं मिल सकेगा।

जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद में 6 से 15 अप्रैल 2026 तक सभी ग्राम पंचायतों में विशेष कैंप लगाकर किसान पहचान पत्र बनाने का अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक किसान इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे समय रहते अपनी फॉर्मर आईडी बनवा लें।

उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की किश्तें उन्हीं किसानों को मिलेंगी, जिनके पास किसान पहचान पत्र होगा। साथ ही न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर होने वाली खरीद—जैसे गेहूं, धान, दालें और सरसों—में भी फॉर्मर आईडी अनिवार्य कर दी गई है और खरीद केंद्रों पर सत्यापन के बाद ही खरीद की जाएगी।

इसके अलावा, अनुदानित उर्वरकों, बीज, कीटनाशक और अन्य कृषि इनपुट के वितरण में भी फॉर्मर आईडी को आधार बनाया जाएगा। सहकारिता विभाग के माध्यम से पीएसीएस और निजी विक्रेताओं द्वारा भी केवल उन्हीं किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा, जिनका फॉर्मर आईडी पोर्टल पर सत्यापन पूरा हो चुका होगा।

डीएम ने किसानों को यह भी बताया कि वे अपने नजदीकी ग्राम पंचायत में लगाए गए कैंप या जन सेवा केंद्र (CSC) पर जाकर आसानी से अपना पंजीकरण करा सकते हैं।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन आजाद भगत सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

video

Pages