आगरा में 2 वर्षीय बच्ची की हत्या, माँ 24 घंटे में गिरफ्तार
आगरा। थाना छत्ता क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां लगभग दो वर्ष की मासूम बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी ही माँ को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, यमुना नदी के किनारे स्थित एक नाले में डेढ़ से दो वर्ष की अज्ञात बच्ची का शव पड़े होने की सूचना थाना छत्ता पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक साक्ष्य संकलन के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बच्ची की शिनाख्त और घटना के खुलासे के लिए तेजी से जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि धाकरान क्षेत्र निवासी एक दंपत्ति के बीच आपसी विवाद चल रहा था। विवाद के बाद महिला अपनी बच्ची को साथ लेकर घर से चली गई थी। बच्ची के पिता ने आशंका जताई कि उसकी पत्नी ने ही बच्ची की हत्या की है।
पुलिस जांच में भी यह तथ्य सामने आया कि बच्ची की हत्या उसकी माँ द्वारा ही की गई है। इस संबंध में मृतक बच्ची के पिता की तहरीर के आधार पर थाना छत्ता में मुकदमा संख्या 54/2025, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
आरोपी महिला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए 8 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर स्टैची पुल के पास से आरोपी महिला को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और लोग इस हृदयविदारक वारदात से स्तब्ध हैं।