आगरा: वित्तीय वर्ष 2026 के अंतिम दिन डीएम ने ट्रेज़री पहुंचकर कराई वित्तीय समापन प्रक्रिया पूरी
आगरा। वित्तीय वर्ष 2026 के अंतिम दिन जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार पहुंचकर सभी विभागों के लंबित वित्तीय कार्यों की समीक्षा की और समापन औपचारिकताओं को समय से पूर्ण कराया।
जिलाधिकारी ने स्वयं ट्रेज़री में मौजूद रहकर विभिन्न विभागों के कोषागार से जुड़े लेनदेन, लंबित भुगतान और वित्तीय क्लोजिंग प्रक्रियाओं की मॉनिटरिंग की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य वित्तीय नियमों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
इससे पूर्व भी जिलाधिकारी द्वारा सभी विभागाध्यक्षों और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए थे कि लंबित बिलों का शीघ्र निस्तारण कर उन्हें ट्रेज़री में प्रस्तुत किया जाए, ताकि वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पहले सभी भुगतान सुनिश्चित किए जा सकें।
मंगलवार को वर्ष के अंतिम दिन जिलाधिकारी ने ट्रेज़री पहुंचकर भुगतान प्रक्रियाओं, ट्रांजैक्शंस और अन्य आवश्यक औपचारिकताओं की समीक्षा करते हुए सुनिश्चित किया कि कोई भी बिल लंबित न रहे और सभी विभागों का वित्तीय समापन सुचारु रूप से हो।
गौरतलब है कि 31 मार्च को अवकाश होने के बावजूद कोषागार और बैंक खुले रखे गए, जिससे भुगतान प्रक्रिया बाधित न हो और सभी जरूरी कार्य समय पर पूरे किए जा सकें।
जिला प्रशासन की इस सक्रियता से वित्तीय वर्ष 2026 का समापन व्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न हुआ।