फतेहपुर सीकरी में 77 किमी सड़कों के नवीनीकरण को 15.59 करोड़ की मंजूरी, सांसद राजकुमार चाहर की पहल रंग लाई
आगरा/किरावली। फतेहपुर सीकरी संसदीय क्षेत्र में सड़क विकास को बड़ी गति मिली है। सांसद राजकुमार चाहर के प्रयासों से लोक निर्माण विभाग द्वारा विधानसभा फतेहपुर सीकरी के अंतर्गत 77 किलोमीटर लंबाई के 10 प्रमुख मार्गों के मरम्मत एवं नवीनीकरण कार्य हेतु 15.59 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस महत्वपूर्ण निर्णय से क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने के साथ ही ग्रामीण और शहरी संपर्क मार्गों की स्थिति में भी सुधार होगा।
इन प्रमुख मार्गों का होगा नवीनीकरण
स्वीकृत मार्गों में आगरा-किरावली शहरी भाग, अछनेरा-झुंडावाई मार्ग, राष्ट्रीय राजमार्ग-11 से गोबरा होते हुए राजस्थान सीमा तक का मार्ग, अछनेरा-फरह मार्ग (बबरोद से हँसेला राजस्थान सीमा वाया साधन), गढ़िमा मार्ग, अछनेरा-भरतपुर मार्ग से मांगरोल जाट होते हुए भडीरी तक, एनएच-11 से हाथी दरवाजा मार्ग, एनएच-11 से सिकंदर बसैरी ब्यारा मार्ग, फतेहपुर सीकरी से कागारौल मार्ग, किरावली-आगरा-भरतपुर एनएच-11 से फतेहपुर सीकरी नगर पालिका परिषद बाईपास मार्ग तथा तुरकिया-इमलाबाद-रसूलपुर-मोहम्मदपुर-सहनपुर मार्ग शामिल हैं।
सांसद की पहल पर मिली स्वीकृति
बताया गया कि इन सड़कों की जर्जर स्थिति को देखते हुए सांसद राजकुमार चाहर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया था। सांसद की इस पहल पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने उक्त कार्यों के लिए बजट स्वीकृत किया।
क्षेत्रवासियों को मिलेगा बड़ा लाभ
सड़क नवीनीकरण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। स्थानीय लोगों ने इस स्वीकृति पर खुशी जताते हुए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया है।
सांसद राजकुमार चाहर ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं और आगे भी जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।