आगरा में 22 मई से शुरू होगा जनगणना का पहला चरण, 33 सवालों के जवाब देने होंगे अनिवार्य - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 7 अप्रैल 2026

आगरा में 22 मई से शुरू होगा जनगणना का पहला चरण, 33 सवालों के जवाब देने होंगे अनिवार्य

आगरा में 22 मई से शुरू होगा जनगणना का पहला चरण, 33 सवालों के जवाब देने होंगे अनिवार्य

आगरा में भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण की शुरुआत 22 मई से होने जा रही है। इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी, जिसमें आम नागरिक खुद भी ऑनलाइन अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। सोमवार को जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना प्रक्रिया 22 मई से 20 जून तक चलेगी। इस दौरान प्रगणक (एन्यूमरेटर) घर-घर जाकर लोगों से करीब 33 सवाल पूछेंगे और जुटाई गई जानकारी का डिजिटल सत्यापन करेंगे। पूरी प्रक्रिया पेपरलेस होगी, जिससे पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस बार नागरिकों को स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा भी दी जा रही है। इसके तहत 7 मई से 21 मई 2026 तक पोर्टल खुला रहेगा, जहां लोग खुद अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन भर सकेंगे। इसके बाद प्रगणक घर जाकर डेटा का सत्यापन करेंगे।

प्रशिक्षण पर विशेष जोर

जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 15 अप्रैल से 25 अप्रैल तक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रगणकों और सुपरवाइजर को तीन-तीन दिन की ट्रेनिंग दी जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे प्रशिक्षण में स्वयं उपस्थित रहकर इसकी गुणवत्ता सुनिश्चित करें। साथ ही प्रशिक्षण के बाद परीक्षा आयोजित कर दक्षता की जांच भी की जाएगी।

जनपद में इस कार्य के लिए लगभग 10,527 प्रगणक और 1,755 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं, जो प्रशासन की निगरानी में काम करेंगे।

गलत जानकारी देने पर होगी कार्रवाई

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना के दौरान गलत जानकारी देने या कार्य में बाधा उत्पन्न करने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ जनगणना अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए इसे जनभागीदारी के साथ एक जन-अभियान के रूप में सफल बनाना आवश्यक है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शुभम कुमार, अपर नगरायुक्त शिशिर कुमार, बीएसए जितेंद्र कुमार गोंड सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

video

Pages