आगरा कलक्ट्रेट में युवक का हाई वोल्टेज ड्रामा, निर्वस्त्र होकर किया हंगामा
आगरा के कलक्ट्रेट परिसर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने अचानक अपने पूरे कपड़े उतारकर हंगामा शुरू कर दिया। युवक कार्यालय के बाहर निर्वस्त्र खड़ा हो गया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि शाहगंज क्षेत्र का रहने वाला यह युवक अपनी शिकायत लेकर डीसीपी कार्यालय पहुंचा था। युवक का आरोप था कि पुलिस उसके मामले में सुनवाई नहीं कर रही है और उसकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया। उसने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने उसकी रिपोर्ट गलत नाम से दर्ज कर ली है।
युवक के अनुसार, रिपोर्ट में उसका नाम “किरन” दर्ज किया गया है, जबकि वह पुरुष है। इसी बात से नाराज होकर उसने विरोध जताने के लिए यह कदम उठाया और कपड़े उतारकर प्रदर्शन करने लगा।
मौके पर मौजूद लोगों ने युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह लगातार हंगामा करता रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवक को शांत कराया। पुलिसकर्मियों ने उसे कपड़े पहनाए और अपने साथ ले गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक पहले भी इस तरह की हरकत कर चुका है और उसका मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।