आगरा में सफेद धातु गबन कांड का 24 घंटे में खुलासा, दो कारीगर गिरफ्तार, लाखों की चांदी बरामद
आगरा। थाना एमएम गेट पुलिस ने कारखाने से सफेद धातु (चांदी) गबन करने के मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
मामले के अनुसार, वादी ने थाना एमएम गेट पर सूचना दी थी कि वह अपने घर पर ही चांदी का कारोबार करता है, जहां तीन कारीगर काम करते हैं। 7 अप्रैल 2026 को कारीगर राज माहौर करीब 3.500 किलोग्राम चांदी ठेकेदार को देने के लिए लेकर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इस पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 20/2026 धारा 316(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
घटना के शीघ्र अनावरण के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने 9 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त राज माहौर और उसके साथी नवीन को गूदड़ी मैदान के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 2.750 किलोग्राम गबन की गई चांदी बरामद की गई है।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में राज माहौर ने बताया कि वह ठेकेदार के यहां चांदी का काम करता था, लेकिन नशे और जुए की लत के कारण उस पर काफी कर्ज हो गया था। इसी कारण उसने चांदी गबन करने की योजना बनाई। मौका पाकर उसने खुद ही माल तोला और लेकर फरार हो गया। बाद में उसने चांदी अपने दोस्त नवीन को यह कहकर दे दी कि कुछ दिन बाद मामला शांत होने पर दोनों आपस में बंटवारा कर लेंगे।
वहीं, आरोपी नवीन ने बताया कि वह भी चांदी का काम करता है और बाजार में चांदी के ऊंचे भाव के चलते लालच में आ गया। उसने जानते हुए भी कि यह माल चोरी का है, अपने पास रख लिया। दोनों आरोपी चांदी का बंटवारा कर उसे बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।