किशोरी से अश्लीलता का आरोपी गिरफ्तार, जैतपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
आगरा। थाना जैतपुर पुलिस ने किशोरी के साथ अश्लील हरकत करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 8 अप्रैल 2026 को वादी ने थाना जैतपुर में तहरीर देकर बताया कि उसकी नाबालिग पुत्री घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान आरोपी अजय नरवरिया उसे पैसे का लालच देकर अपने घर में ले गया और उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। इस गंभीर मामले में पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मुकदमा संख्या 26/2026 धारा 75(2)/76 बीएनएस एवं 9(M)/10 पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त दीपक कुमार एवं अपर पुलिस आयुक्त के निर्देशन में, पुलिस उपायुक्त (पूर्वी जोन) अभिषेक अग्रवाल के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। सहायक पुलिस आयुक्त बाह के मार्गदर्शन में थाना जैतपुर पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में 10 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अजय नरवरिया उर्फ चिम्मन पुत्र बजरंग सिंह को कान्हरपुरा के पास साइकिल ट्रैक से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।