जगनेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, कई दिनों से था फरार
आगरा। महिला सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए पुलिस को एक अहम सफलता हाथ लगी है। थाना जगनेर क्षेत्र में युवती के साथ दुष्कर्म करने वाले वांछित अभियुक्त को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस को लगातार चकमा दे रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला 8 अप्रैल 2026 को सामने आया था, जब पीड़िता ने थाना जगनेर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि 6 अप्रैल 2026 को आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और एससी/एसटी एक्ट की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी थी। लगातार दबिश और मुखबिर तंत्र की सक्रियता के चलते आखिरकार पुलिस को सफलता मिली।
शुक्रवार 24 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बरनई रोड स्थित किवाड़ नदी/नहर के पास मौजूद है और भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान प्रमोद पुत्र धर्मवीर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर जनपद के थाना रूपवास क्षेत्र के बसई पहाड़पुर का निवासी है और वर्तमान में जगनेर क्षेत्र के बरनई रोड पर रह रहा था।
पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि महिला अपराधों के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।