आगरा में दर्दनाक सड़क हादसा: पिता और 3 साल की मासूम की मौत, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
आगरा के न्यू दक्षिणी बाईपास पर रविवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसे में पिता और उसकी तीन साल की मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के गांव सोनोटी निवासी 28 वर्षीय सतपाल बघेल अपनी तीन साल की बेटी कनक को लेकर ससुराल जा रहे थे। उनकी ससुराल मलपुरा क्षेत्र के गांव कबूलपुर में है। सतपाल ने बच्ची को सुरक्षा के लिए गमछे से बांधकर बाइक पर आगे बिठाया हुआ था।
रविवार दोपहर करीब 12 बजे जब वह न्यू दक्षिणी बाईपास पर गांव मुड़हेरा के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।