आगरा पुलिस लाइन में पासिंग आउट परेड: 577 नव आरक्षियों ने ली सेवा और समर्पण की शपथ - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 27 अप्रैल 2026

आगरा पुलिस लाइन में पासिंग आउट परेड: 577 नव आरक्षियों ने ली सेवा और समर्पण की शपथ

आगरा पुलिस लाइन में पासिंग आउट परेड: 577 नव आरक्षियों ने ली सेवा और समर्पण की शपथ

आगरा पुलिस लाइन में रविवार सुबह आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड में 577 प्रशिक्षु नव आरक्षियों ने निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ जनसेवा का संकल्प लिया। 9 माह के कठिन प्रशिक्षण के बाद दीक्षांत परेड में शामिल हुए इन नव आरक्षियों ने अनुशासन और समर्पण का शानदार प्रदर्शन किया।

सुबह 8 बजे पुलिस कमिश्नरेट आगरा द्वारा आयोजित इस समारोह में पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने खुली जिप्सी में परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। इसके बाद उन्होंने सभी प्रशिक्षु आरक्षियों को राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने, विधि-व्यवस्था सुदृढ़ करने और नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई।

समारोह के दौरान पुलिस आयुक्त ने नव नियुक्त आरक्षियों को उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार का हिस्सा बनने पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खाकी वर्दी केवल एक पोशाक नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, अनुशासन और जनसेवा का प्रतीक है।

करीब 9 माह तक चले कठिन प्रशिक्षण में तपकर तैयार हुए इन आरक्षियों ने सजी-धजी वर्दी, सधे कदमों और एकसमान चाल के साथ परेड में हिस्सा लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आरक्षियों को इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा मोमेंटो और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

दीक्षांत परेड का यह क्षण न केवल नव आरक्षियों के लिए यादगार रहा, बल्कि उनके परिजनों के लिए भी गर्व का अवसर बना। खाकी वर्दी में अपने बच्चों को कदम से कदम मिलाकर चलते देख माता-पिता के चेहरे खुशी और संतोष से खिल उठे।

इस आयोजन ने एक बार फिर साबित किया कि अनुशासन, समर्पण और सेवा भाव के साथ तैयार ये नव आरक्षी अब समाज की सुरक्षा और कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

video

Pages