ऑपरेशन दहन के तहत 541 किलो से अधिक मादक पदार्थ नष्ट, आगरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
आगरा। पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के निर्देशन में आगरा पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन दहन” के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थों का विधिसम्मत नष्टीकरण किया गया।
अभियान के तहत एडिशनल डीसीपी अपराध, एसीपी सदर, एसीपी कोतवाली, एसीपी हरीपर्वत एवं अभियोजन अधिकारी की उपस्थिति में थाना सदर बाजार, थाना रकाबगंज, थाना नई की मंडी तथा थाना कमलानगर के कुल 42 अभियोगों में बरामद 541 किलो 462 ग्राम अवैध मादक पदार्थों को एत्मादपुर स्थित JRR Waste Management Pvt. Ltd. में नष्ट कराया गया।
यह कार्रवाई पूरी तरह विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए की गई, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि जब्त मादक पदार्थ दोबारा किसी भी प्रकार के दुरुपयोग में न आ सकें।
आगरा पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से साफ है कि जनपद में नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। साथ ही, इस तरह के अभियानों के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने और नशा मुक्त वातावरण बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।