पानी मांगकर की बकरा चोरी, ग्रामीणों और पुलिस की तत्परता से एक आरोपी गिरफ्तार
आगरा के थाना बासौनी क्षेत्र में चोरी की एक अनोखी घटना सामने आई, जहां आरोपियों ने पानी मांगने के बहाने घर में घुसकर बकरा चोरी कर लिया। हालांकि वादी, ग्रामवासियों और पुलिस की सतर्कता के चलते एक आरोपी को मौके के पास से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके तीन साथी फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ अज्ञात व्यक्ति वादी के घर पहुंचे और पानी मांगा। वादी जैसे ही पानी लेने घर के अंदर गया, तभी आरोपियों ने बाहर बंधे बकरों में से एक बकरा उठाकर अपनी गाड़ी में डाल लिया और मौके से फरार हो गए।
वादी ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए पुलिस को सूचना दी और ग्रामीणों के साथ मिलकर आरोपियों का पीछा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही थाना बासौनी पुलिस टीम सक्रिय हो गई और घेराबंदी करते हुए कुनैरा बैरी रोड के पास से एक आरोपी विवेक पुत्र रामवीर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया बकरा और घटना में प्रयुक्त एक स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है। हालांकि, अन्य तीन आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे, जिनकी तलाश जारी है।
इस संबंध में थाना बासौनी पर मु0अ0सं0 12/26 के तहत धारा 303(2)/317(2) बी.एन.एस. में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।