मिशन शक्ति फेज-5: आगरा में महिला सुरक्षा पर जनपदीय कॉन्फ्रेंस, विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने दिए सुझाव
आगरा:- उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान के पांचवें चरण के अंतर्गत पुलिस लाइन्स सभागार में महिला सुरक्षा विषयक जनपदीय कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को और अधिक सशक्त बनाना रहा।
यह कॉन्फ्रेंस पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के निर्देशन में आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह ने की। इस दौरान अपर पुलिस उपायुक्त प्रोटोकॉल पूनम सिरोहा भी उपस्थित रहीं।
सभी हितधारकों की सक्रिय भागीदारी
कॉन्फ्रेंस में कमिश्नरेट के मिशन शक्ति प्रभारी, विभिन्न थाना एवं शाखाओं के अधिकारी, साथ ही जनपद के सरकारी व निजी चिकित्सालयों के डॉक्टर, शिक्षण संस्थानों के शिक्षक, महिला छात्रावासों के प्रबंधक और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
महिला सुरक्षा मुद्दों पर विस्तृत मंथन
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न चुनौतियों और समस्याओं पर गहन चर्चा की गई। संस्थानों के अंदर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रतिभागियों से सुझाव लिए गए और उनके आधार पर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
विशेषज्ञों की अहम मौजूदगी
कॉन्फ्रेंस में एसएन मेडिकल कॉलेज सहित अन्य संस्थानों से डॉ. दिव्या श्रीवास्तव, डॉ. कामना सिंह, डॉ. अंजलि गुप्ता, डॉ. अलका यादव, डॉ. रुचिका गर्ग और डॉ. ऋचा गुप्ता समेत कई वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे।
वहीं, शिक्षा क्षेत्र से श्रीमती पायल जैन, श्रीमती जॉयस साइलस, श्रीमती संध्या रानी, श्रीमती शालिनी बंसल और श्रीमती अराधना सिंह सहित कई प्रधानाचार्याओं व शिक्षिकाओं ने अपने विचार साझा किए।
यह कॉन्फ्रेंस मिशन शक्ति अभियान को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने तथा पुलिस, चिकित्सा, शिक्षा और व्यापार जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।