वृंदावन में बड़ा हादसा: यमुना में मोटर बोट पलटी, 9 श्रद्धालुओं की मौत, रेस्क्यू जारी - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 11 अप्रैल 2026

वृंदावन में बड़ा हादसा: यमुना में मोटर बोट पलटी, 9 श्रद्धालुओं की मौत, रेस्क्यू जारी

वृंदावन में बड़ा हादसा: यमुना में मोटर बोट पलटी, 9 श्रद्धालुओं की मौत, रेस्क्यू जारी

आगरा/मथुरा। वृंदावन में शुक्रवार को बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया, जब श्रद्धालुओं से भरी एक मोटर बोट यमुना नदी में पलट गई। हादसे में अब तक 9 श्रद्धालुओं के शव निकाले जा चुके हैं, जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, पंजाब के मोगा, मुक्तसर और लुधियाना से करीब 150 श्रद्धालु सुबह करीब 9 बजे वृंदावन पहुंचे थे। निधिवन के दर्शन करने के बाद इनमें से 32 लोग यमुना में नौका विहार के लिए निकले। सभी लोग केशीघाट से मोटर बोट पर सवार हुए थे।

बताया जा रहा है कि मांट थाना क्षेत्र में बने पोंटून पुल से टकराने के बाद मोटर बोट असंतुलित होकर पलट गई, जिससे बोट में सवार सभी लोग नदी में गिर गए और डूबने लगे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

अब तक 9 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं, जबकि 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। शेष लोगों की तलाश के लिए गोताखोर लगातार रेस्क्यू अभियान चला रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य तेज कर दिया गया। कई एंबुलेंस भी घटनास्थल पर तैनात हैं, जिनके जरिए घायलों को अस्पताल भेजा जा रहा है।

प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर बोट के असंतुलित होने और पोंटून पुल से टकराने को हादसे की वजह माना जा रहा है। फिलहाल बचाव कार्य जारी है और लापता लोगों की तलाश की जा रही है।

video

Pages