ऑटो गैंग का पर्दाफाश: 5 आरोपी गिरफ्तार, लूट और चोरी की घटनाओं का खुलासा
आगरा। थाना एकता क्षेत्र में लूट की वारदात को अंजाम देने वाले ऑटो गैंग का पुलिस ने खुलासा करते हुए कुल 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनमें 4 आरोपी लूट की घटना में शामिल थे, जबकि एक आरोपी थाना ताजगंज क्षेत्र में ऑटो चोरी के मामले में संलिप्त पाया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9,950 रुपये नकद, एक कूटरचित नम्बर प्लेट और घटना में प्रयुक्त एक ऑटो बरामद किया है।
डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास के अनुसार, चार दिन पूर्व वादी ने सूचना दी थी कि वह बिजलीघर से शमशाबाद जाने के लिए ऑटो में बैठा था, जिसमें पहले से 4 लोग मौजूद थे। रास्ते में ऑटो चालक और उसके साथियों ने उसे सूनसान स्थान पर ले जाकर उसके पास मौजूद आलू बिक्री के 46,630 रुपये लूट लिए थे। इस संबंध में थाना एकता में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 4 अप्रैल 2026 को देवरी पुलिया से गुतिला जाने वाले मार्ग के पास से 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन सिंह, मनीष दिवाकर उर्फ ब्लैकी, रोहित, रिंकू कुशवाह उर्फ वोडा और कृष्णा के रूप में हुई है।
पूछताछ में अभियुक्त करन सिंह ने बताया कि बरामद ऑटो चोरी का है, जिसे उसने सस्ते दामों में खरीदा था और उसी का इस्तेमाल लूट की घटना में किया गया। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने कुछ दिन पहले देर रात बिजलीघर क्षेत्र में एक बुजुर्ग व्यक्ति से करीब 46,700 रुपये लूटे थे।
पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गैंग ने अन्य किन-किन वारदातों को अंजाम दिया है।