आगरा पुलिस की तत्परता से भीड़ में खोया 6 वर्षीय बालक सकुशल मिला
आगरा:- थाना छत्ता क्षेत्र में एक 6 वर्षीय बालक के भीड़ में गुम होने की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई। बालक अपनी माता के साथ खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए आया था, जहां अचानक भीड़ में वह बिछड़ गया।
सूचना प्राप्त होते ही थाना छत्ता पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू की और सीसीटीवी कैमरों की मदद से बालक की लोकेशन का पता लगाया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने बालक को सकुशल बरामद कर लिया।
इसके बाद बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अपने बच्चे को सुरक्षित पाकर परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई और उन्होंने आगरा पुलिस की त्वरित, संवेदनशील एवं सराहनीय कार्यवाही के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
पुलिस की इस मुस्तैदी ने एक बार फिर साबित किया कि जनसुरक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता सर्वोपरि है।