महिला आक्रोश सम्मेलन में गूंजा आरक्षण का मुद्दा, पदयात्रा के बाद विपक्ष के खिलाफ प्रदर्शन
आगरा। भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर द्वारा कृष्ण राव ऑडिटोरियम, आरबीएस कॉलेज में महिला आक्रोश सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर अपने अधिकारों को लेकर आवाज बुलंद की। कार्यक्रम का नेतृत्व महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने किया।
सम्मेलन का शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री एस पी सिंह बघेल, उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, महापौर हेमलता दिवाकर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
अपने संबोधन में एस पी सिंह बघेल ने विपक्षी दलों पर महिला विरोधी मानसिकता का आरोप लगाते हुए कहा कि अब देश की महिलाएं जागरूक हो चुकी हैं और उन्हें उनका अधिकार अवश्य मिलेगा। वहीं बेबी रानी मौर्य ने महिला आरक्षण विधेयक को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए इसे शीघ्र पारित किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
महापौर हेमलता दिवाकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को सम्मान और अवसर देने का कार्य हुआ है, जबकि विपक्षी दल महिलाओं की भागीदारी से घबराते हैं। महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने भी 33 प्रतिशत महिला आरक्षण के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई।
सम्मेलन के उपरांत महिलाओं ने जनाक्रोश पदयात्रा निकाली, जिसमें तख्तियां लेकर विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी की गई। पदयात्रा के समापन पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के पुतले फूंके गए और विरोध प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में एमएलसी विजय शिवहरे, विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, निर्मला दीक्षित, रेणुका डंग, बीना लवानिया, रश्मि धाकड़, डॉ. मंजू गुप्ता सहित अनेक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और महिलाएं उपस्थित रहीं।