गैस सिलेंडर के लिए सड़क पर लेटे लोग, तीन दिन से एजेंसी बंद होने पर फूटा गुस्सा - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 11 अप्रैल 2026

गैस सिलेंडर के लिए सड़क पर लेटे लोग, तीन दिन से एजेंसी बंद होने पर फूटा गुस्सा

गैस सिलेंडर के लिए सड़क पर लेटे लोग, तीन दिन से एजेंसी बंद होने पर फूटा गुस्सा

फिरोजाबाद। जनपद के जसराना क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत और एजेंसी की लापरवाही से परेशान उपभोक्ताओं का गुस्सा शुक्रवार को सड़कों पर फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने एटा-शिकोहाबाद रोड पर जाम लगा दिया और कुछ लोग विरोध स्वरूप सड़क पर लेट गए, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

बताया जा रहा है कि सुबह बड़ी संख्या में लोग गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने पहुंचे, लेकिन वहां ताला लटका मिला। लगातार तीन दिन से एजेंसी बंद होने के कारण लोगों में भारी नाराजगी थी। उपभोक्ताओं का आरोप है कि ऑनलाइन बुकिंग करने और ओटीपी आने के बावजूद भी गैस सिलेंडर की डिलीवरी नहीं की जा रही है।

गुस्साए लोगों ने एजेंसी पर कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर दिया। हालात बिगड़ते देख सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

मौके पर पहुंचे एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला ने लोगों की समस्याएं सुनीं। लोगों ने बताया कि एजेंसी तीन दिन से बंद है, जिससे घरों में खाना बनाना तक मुश्किल हो गया है। इस पर एसडीएम ने जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।

प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद जाम खुलवाने की प्रक्रिया शुरू की गई। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद संबंधित गैस एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

video

Pages