तेज रफ्तार का कहर: सिकंदरा में दर्दनाक हादसा, कुलदीप शर्मा की मौके पर मौत, आरोपी चालक फरार
आगरा। शहर में तेज रफ्तार का खौफ एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। थाना सिकंदरा क्षेत्र के पश्चिमपुरी चौकी के पास शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी।
जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे जा रहे राहगीर को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह करीब 20 फीट तक घिसटता चला गया और अंततः किनारे खड़ी एक अन्य कार से जा टकराया। टक्कर इतनी भयावह थी कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे का मंजर देख वहां मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर मारने के बाद चालक ने वाहन रोकने की बजाय मौके से फरार होना ही बेहतर समझा, जिससे कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान कुलदीप शर्मा के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों द्वारा दी गई सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पूरी वारदात कैद होने की बात कही जा रही है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे के बाद एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सख्त यातायात नियमों की आवश्यकता महसूस की जा रही है।