नए कलेवर में दमक उठा एत्माउद्दौला थाना, पुलिस कमिश्नर ने किया उद्घाटन
आगरा। एत्माउद्दौला थाना अब नए और आधुनिक स्वरूप में नजर आएगा। शुक्रवार को पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने फीता काटकर नवीनीकरण किए गए थाने का उद्घाटन किया। मुख्य द्वार से लेकर मिशन शक्ति केंद्र, दफ्तर, बैरक और अन्य कक्ष अब पूरी तरह चमचमाते और सुव्यवस्थित दिखाई दे रहे हैं।
आगरा कमिश्नरेट में थानों और चौकियों के आधुनिकीकरण पर लगातार काम किया जा रहा है, जिसमें पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार विशेष रुचि ले रहे हैं। इसी क्रम में एत्माउद्दौला थाने की सूरत पूरी तरह बदल दी गई है।
पहले यहां वर्षों पुराना जंग लगा लोहे का गेट लगा हुआ था और दीवारों से सीमेंट झड़ रहा था। कई सालों से पुताई तक नहीं हुई थी और खाली पड़ी जगहों पर झाड़ियां उग आई थीं। ऐसे में थाना प्रभारी देवेंद्र दुबे ने थाने को नया रूप देने का संकल्प लिया, जिसे उन्होंने सफलतापूर्वक पूरा कर दिखाया।
नवीनीकरण के तहत पुराने गेट की जगह एक भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण कराया गया है, जो आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इसके साथ ही इंस्पेक्टर कक्ष, मालखाना, दफ्तर, मिशन शक्ति केंद्र और बैरक को भी आधुनिक और व्यवस्थित बनाया गया है। पुलिसकर्मियों के लिए बैरक में टीवी की व्यवस्था भी की गई है, ताकि वे ड्यूटी के बाद कुछ समय तनावमुक्त रह सकें।
उद्घाटन के दौरान पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने किए गए कार्यों की सराहना की और थाने का निरीक्षण भी किया। उन्होंने विवेचना निस्तारण, जनसुनवाई और अभिलेखों की स्थिति की जानकारी ली तथा रजिस्टर नंबर 8 का भी अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्होंने मेस का निरीक्षण कर साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता के बारे में पुलिसकर्मियों से बातचीत की। सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर उन्होंने खुशी जताई।
इस मौके पर प्रभारी डीसीपी आदित्य सिंह,एसीपी शेषमणि उपाध्याय, प्रशिक्षु आईपीएस अभय राजेंद्र डागा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।