राजा की मंडी चौराहे पर दर्दनाक हादसा: मेट्रो क्रेन की चपेट में आकर महिला की मौत, बेटी बेहोश - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 23 अप्रैल 2026

राजा की मंडी चौराहे पर दर्दनाक हादसा: मेट्रो क्रेन की चपेट में आकर महिला की मौत, बेटी बेहोश

राजा की मंडी चौराहे पर दर्दनाक हादसा: मेट्रो क्रेन की चपेट में आकर महिला की मौत, बेटी बेहोश

आगरा। शहर के व्यस्त राजा की मंडी चौराहा पर बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। मेट्रो कार्य में लगी क्रेन की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि साथ मौजूद बेटी यह मंजर देखकर बेहोश हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला अपनी बेटी के साथ आगरा कॉलेज की ओर से स्कूटी पर आ रही थीं। इसी दौरान चौराहे पर मेट्रो निर्माण कार्य में लगी क्रेन गुजर रही थी और पास से एक ई-रिक्शा भी निकल रहा था। स्कूटी क्रेन और ई-रिक्शा के बीच फंस गई। ओवरटेक के प्रयास में संतुलन बिगड़ने पर मां-बेटी सड़क पर गिर गईं।

हादसे में क्रेन का पहिया महिला के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना इतनी भयावह थी कि आसपास मौजूद लोग सन्न रह गए और कुछ ही देर में बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई।

बेटी सदमे से बेहोश, लोगों में आक्रोश
अपनी मां का क्षत-विक्षत शव देखकर बेटी कोमल बेहोश हो गई। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और दुकानदारों में घटना को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज भिजवाया।

दवा लेने जा रही थीं महिला
मृतका की पहचान 60 वर्षीय उर्मिला के रूप में हुई है, जो अपनी बेटी के साथ दवा लेने जा रही थीं। बताया गया है कि उनके बेटे कृष्ण प्रताप सिंह पीएसी 15वीं बटालियन आगरा में तैनात हैं।

मेट्रो कार्य पर उठे सवाल
राजा की मंडी चौराहे पर चल रहे मेट्रो निर्माण कार्य और भारी ट्रैफिक के बीच सुरक्षा इंतजामों को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह भारी मशीनरी के संचालन से लगातार खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से सख्त ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है।

video

Pages