फतेहाबाद में डिप्टी सीएम केशव मौर्य का विपक्ष पर वार, अशोक स्तंभ का लोकार्पण कर गिनाईं सरकार की उपलब्धियां - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 13 अप्रैल 2026

फतेहाबाद में डिप्टी सीएम केशव मौर्य का विपक्ष पर वार, अशोक स्तंभ का लोकार्पण कर गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

फतेहाबाद में डिप्टी सीएम केशव मौर्य का विपक्ष पर वार, अशोक स्तंभ का लोकार्पण कर गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

आगरा के फतेहाबाद में रविवार को केशव प्रसाद मौर्य ने सम्राट अशोक जयंती के अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने “अशोक की लाट” (अशोक स्तंभ) का लोकार्पण किया और जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से रखा।

कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। अपने संबोधन में मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार सम्राट अशोक, ज्योतिराव फुले और डॉ. भीमराव अंबेडकर जैसे महापुरुषों के आदर्शों पर कार्य कर रही है। उन्होंने नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने दुनिया को भगवान बुद्ध का शांति संदेश दिया है, न कि युद्ध।

मौर्य ने कहा कि आज वैश्विक स्तर पर युद्ध जैसे हालात बने हुए हैं, ऐसे में भारत शांति और सह-अस्तित्व का संदेश देने वाला देश बनकर उभरा है। उन्होंने संसद भवन के शिखर पर स्थापित अशोक स्तंभ का जिक्र करते हुए कहा कि यह हर भारतीय के गर्व का प्रतीक है और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए देश में “कमल की आंधी” चल रही है।

विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव का नाम लेते हुए कहा कि 2047 तक वे सत्ता में नहीं आ पाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष सत्ता से दूर होने के कारण भाजपा पर लगातार निशाना साध रहा है। साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल में भी भाजपा के विस्तार की बात कहते हुए “कमल खिलने” का दावा किया।

महिलाओं के सशक्तिकरण पर बोलते हुए मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार “नारी वंदन कानून” के माध्यम से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि इस विषय पर आगे की प्रक्रिया के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया जा रहा है।

अंत में मौर्य ने कहा कि भाजपा तुष्टिकरण की राजनीति नहीं करती, बल्कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के सिद्धांत पर काम करते हुए देश को आगे बढ़ा रही है।

video

Pages